रायपुर

छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल की बैठक मे श्रमिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए , निशुल्क कोचिंग सहायता योजना से प्रशिक्षण तथा श्रमिकों के बच्चों को रियायती दर पर कॉपी का वितरण

पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को रियायती दर पर कॉपी वितरण की नई योजना प्रारंभ करने की घोषणा की गई , निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना के तहत श्रमिक के परिजनों को कोचिंग देकर उन्हें शासकीय नौकरियों के लिए प्रशिक्षित करने का भी निर्णय लिया गया।

रायपुर 8 जुलाई 2025 / छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा की अध्यक्षता में संचालक मंडल की पहली बैठक सायाजी हॉटल में संपन्न हुई, जिसमें मजदूर हितों के अनेक क्रांतिकारी फैसले लिए गए तथा नई योजनाओं के क्रियान्वयन की भी घोषणा की गई।

मंडल की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के क्रियाकलापों एवं प्रशासनिक कार्यों के संपादन पर हुए आय-व्यय का अनुमोदन लिया गया तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मंडल की बैठक में मजदूर हितों के लिए राज्य शासन से अनुमोदित अनुमानित आय-व्यय का अनुमोदन भी प्राप्त किया गया। मंडल की बैठक में मंडल द्वारा संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए 12 नए पदों का सृजन कर शासन से अनुमति मांगी गई। इसी प्रकार प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन में भी वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसी तारा मंडल को प्राप्त होने वाली आय के अभिदाय दर में वृद्धि का भी प्रस्ताव परित किया गया।


छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को रियायती दर पर कॉपी वितरण की नई योजना प्रारंभ करने की घोषणा की गई। साथ ही साथ निःशुल्क कोचिंग सहायता योजना के तहत श्रमिक के परिजनों को कोचिंग देकर उन्हें शासकीय नौकरियों के लिए प्रशिक्षित करने का भी निर्णय लिया गया।

मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा ने मंडल की आय बढ़ाने तथा श्रमिकों का पंजीयन बढ़ाने के लिए क्रांतिकारी फैसले की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि जिस तरह से असंगठित क्षेत्र के बोर्ड में श्रमिकों का पंजीयन खुला हुआ है, उसी तरह से श्रम कल्याण मंडल में भी मजदूरों के पंजीयन की प्रक्रिया को ओपन किया जाए, जिस पर संचालक मंडल के सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे और अंततः यह निर्णय लिया गया कि अब मजदूरों को मंडल में सीधे पंजीयन देने की व्यवस्था की जाए इस हेतु प्रस्ताव भी पारित किया गया।
मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने कहा कि श्रम कल्याण मंडल द्वारा सस्ते दर पर भोजन केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है जबकि इन भोजन केन्द्रों का संचालन नियोजकों द्वारा किया जाना है , बैठक में प्रस्ताव पारित कर राज्य शासन से इस योजना को बंद करने की अनुमति मांगी गई है । श्री मिश्रा ने कहा कि यह योजना असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए ही उपयोगी है ।

बैठक में मंडल के उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, अपर श्रमायुक्त सह प्रभारी श्रमायुक्त एस.एल.जांगडे , कल्याण आयुक्त अजितेश पांडे , बोर्ड के सदस्य आलोक मिश्रा, हरप्रसाद साहू, मदन तालेड़ा, मंगलमूर्ति अग्रवाल, नरेश गड़पाल, कृष्णा दुबे, सुरेश मसीह तथा श्रम कल्याण मंडल के कर्मचारी उपस्थित थे ।

श्रम कल्याण केन्द्रों का होगा उन्नयन : योगेश दत्त मिश्रा

छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक जिलों में संचालित 20 श्रम कल्याण केन्द्रों में
पंजीकृत श्रमिक परिवार की महिला सदस्यों को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण दिया जाता है। अब तक हजारों श्रमिक परिवार की महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार से जोड़ा गया है। पिछले दिनों श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने इन कल्याण केन्द्रों का संचालन कर रही कर्मचारियों की एक बैठक लेकर केन्द्रों की समीक्षा की। प्रत्येक केन्द्र के संचालन करने वाले कर्मचारियों से रूबरू होकर उनके दुःख-तकलीफ को जाना, समस्याओं से अवगत हुए और इन केन्द्रों का भविष्य में किस तरह बेहतर ढंग से संचालित किया जाए, इसके उपाय बताए।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल का जिलों में संचालित श्रम कल्याण केन्द्र मॉडल है, इन्हें और उन्नत और विकसित किया जाएगा। सिलाई-कढ़ाई-बुनाई के अलावा और दूसरी अन्य रोजगार मूलक शिक्षा देकर उन्हें रोजगार से जोड़ने का प्रयत्न किया जाएगा। उन्होंने अपनी घोषणा में श्रम कल्याण केन्द्रों का संचालन कर रही महिलाओं के वेतन वृद्धि की घोषणा करते हुए कहा कि इन केन्द्रों का बेहतर ढंग से संचालन करें। लोगों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दें, ताकि वे अपना रोजगार स्वयं प्रारंभ करे सकें और अपने परिवार की आय वृद्धि करने में समर्थ हों।

Related Articles

Back to top button