देशरायपुर

स्वच्छता सिर्फ सुविधा नहीं, विकसित व स्वस्थ समाज की बुनियाद है: शालू जिन्दल

जिन्दल फाउंडेशन ने भुबनेश्वर नगर निगम के सहयोग से सार्वजनिक स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ट्रक-माउंटेड मोबाइल सैनिटेशन यूनिट शुरु की

रायपुर ,3 मार्च 2026 //जिन्दल फाउंडेशन की चेयरपर्सन और ओ.पी. जिन्दल यूनिवर्सिटी (रायगढ़) की कुलाधिपति श्रीमती शालू जिन्दल ने सामाजिक विकास में स्वच्छता की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा है कि सुलभ और गरिमापूर्ण स्वच्छता केवल एक नागरिक सुविधा नहीं, बल्कि एक स्वस्थ और विकासशील समाज की अनिवार्य बुनियाद है।

श्रीमती शालू जिन्दल ने सोमवार को भुवनेश्वर नगर निगम की मेयर श्रीमती सुलोचना दास के साथ मिलकर एक पूर्ण सुसज्जित, ट्रक-माउंटेड ‘मोबाइल सैनिटेशन यूनिट’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिन्दल फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त यह इकाई शहर के सार्वजनिक कार्यक्रमों, त्योहारों और बड़े आयोजनों के दौरान नागरिकों को आधुनिक और स्वच्छ शौचालय की सुविधा प्रदान करेगी।

इस गरिमामयी अवसर पर भुबनेश्वर नगर निगम की डिप्टी मेयर श्रीमती मंजुलता कन्हार, कमिश्नर चंचल राणा, एडिशनल कमिश्नर कैलाश चंद्र दास, शहर के अनेक कॉर्पोरेटर और स्वच्छता स्थायी समिति के प्रमुख  बिरंची नारायण महासुपाकर, जिन्दल स्टील के प्रेसिडेंट एवं कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस हेड  प्रशांत होता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्रीमती शालू जिन्दल ने कहाः हमारा दृढ़ विश्वास है कि आम लोगों की स्वच्छता तक पहुंच, एक स्वस्थ और विकसित समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है। बढ़ते शहरीकरण और बड़े सार्वजनिक आयोजनों के मद्देनजर स्वच्छता सुविधाओं की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। यह मोबाइल यूनिट भुबनेश्वर को एक स्वच्छ और आदर्श शहर बनाने की दिशा में हमारा एक सार्थक कदम है। हमें इस महत्वपूर्ण कार्य में भुबनेश्वर नगर निगम के साथ साझेदारी करके प्रसन्नता हो रही है।”

भुबनेश्वर की मेयर श्रीमती सुलोचना दास ने जिन्दल फाउंडेशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सैनिटेशन यूनिट बड़े सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों और आगंतुकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी साझेदारियां नागरिक बुनियादी ढांचे को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मोबाइल सैनिटेशन यूनिट की तकनीकी विशेषताएं:

यह विशेष रूप से निर्मित ट्रक-माउंटेड सुविधा पुरुषों और महिलाओं दोनों की जरूरतों और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। पुरुष अनुभाग में एक वेस्टर्न टॉयलेट, एक इंडियन टॉयलेट, तीन यूरिनल और एक वॉश बेसिन की सुविधा है जबकि महिला अनुभाग में दो इंडियन टॉयलेट, एक वेस्टर्न टॉयलेट और एक वॉश बेसिन की व्यवस्था है। निबधि संचालन के लिए इस यूनिट में डीजल जेनरेटर की व्यवस्था और स्वच्छता के उद्देश्य से प्रत्येक अनुभाग में कई एग्जॉस्ट फैन लगाए गए हैं।

इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और कार्यक्रम के समापन पर जिन्दल स्टील के सीएसआर हेड ऋषि पठानिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Related Articles

Back to top button